रोजाना 300 मीट्रिक टन कचरा खत्तों से उठाकर निर्धारित स्थलों तक ले जाया जाएगा, गंदगी से मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने शहर की स्वच्छता और पर्यावरण सुधार के लिए ठोस कचरे के सुरक्षित परिवहन की बड़ी योजना लागू करने की तैयारी की है। इस योजना के तहत रोजाना करीब 300 मीट्रिक टन कचरा सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट (खत्ते) और ट्रांसफर स्टेशनों से निर्धारित स्थलों तक ले जाया जाएगा। समय से कूड़े का उठाव होने से लोगों को गंदगी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
परियोजना के लागू होने से सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि अब शहर की गलियों और कॉलोनियों में कचरा जमा नहीं रहेगा। निगम ने व्यवस्था बनाई है कि हर दिन शाम 5 बजे तक सभी जगह से कचरा उठा लिया जाए। इसके लिए जीपीएस से लैस आधुनिक वाहन और मशीनें लगाई जाएंगी ताकि निगरानी और पारदर्शिता बनी रहे।
लोगों को इस व्यवस्था से सीधा लाभ मिलेगा। अब खुले में कचरा फैलने के कारण उन्हें दुर्गंध, मच्छरों और बीमारियों का खतरा नहीं रहेगा। इसके अलावा निगम की तरफ से कचरे को ढककर ही ले जाने का भी प्रावधान रखा गया है। इससे सड़कों पर गंदगी और धूल-मिट्टी उड़ने की समस्या नहीं होगी।
योजना में यह भी प्रावधान है कि कचरे को अलग-अलग श्रेणियों (गीला-सूखा) में बांटकर ही निर्धारित साइटों पर ले जाया जाएगा। इससे रीसाइक्लिंग और कंपोस्टिंग आसान होगी। इस कार्य से लोगों के साथ पर्यावरण को भी लाभ पहुंचेगा। इसके अलावा भविष्य में शहर को कचरे से ऊर्जा और खाद बनाने के लिए भी इससे मदद ली जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है अभी 6 माह के लिए इस कार्य को करवाया जाना है। आगे जरूरत के अनुसार इसमें बदलाव किए जाएंगे। परियोजना का उद्देश्य फरीदाबाद को स्वच्छ और स्वस्थ बनाना है। इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करवाया जाएगा ताकि शहरवासियों को साफ-सुथरी सड़कें, कम प्रदूषण और बेहतर सार्वजनिक स्वास्थ्य मिले।