लव जिहाद और धर्मांतरण के मामलों में सरकार से हस्तक्षेप की मांग
प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। बीके चौक पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लव जिहाद और धर्मांतरण के मामलों में सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। विरोध प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं की ओर से राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। उनका कहना था कि पूरे देश में इन मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
बजरंग दल के सदस्य पुनीत ने बताया कि देश में लव जिहाद और धर्मांतरण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज की युवतियों को निशाना बनाकर पहले प्रेम जाल में फंसाया जाता है और बाद में उनका धर्मांतरण कराया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियों पर समय रहते सख्त और निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई, तो इसके दूरगामी परिणाम समाज और देश के लिए घातक हो सकते हैं। वहीं एसडीएम बड़खल त्रिलोकचंद ने कहा की बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद ने उन्हें राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा है। जिसे राष्ट्रपति तक पहुंचाया जाएगा।