15 किलोमीटर लंबी रैली में 50 से अधिक पुरानी और दुर्लभ कारें व मोटरसाइकिलें शामिल हुईं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर की सड़कों पर रविवार को उस दौर की कारों और मोटरसाइकिलों की गूंज सुनाई दी, जो आजादी से भी पहले की ऑटोमोबाइल विरासत को संजोए हुए हैं। 15 किलोमीटर लंबी विंटेज कार हेरिटेज रैली में 50 से अधिक पुरानी और दुर्लभ कारें व मोटरसाइकिलें शामिल हुईं। इन ऐतिहासिक वाहनों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे खड़े नजर आए। रैली में करीब एक हजार वरिष्ठ नागरिक, ऑटोमोबाइल प्रेमी और शहरवासी शामिल हुए।
यह अनूठा आयोजन एक निजी अस्पताल ने अपने 40 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हेरिटेज मोटरिंग क्लब ऑफ इंडिया के सहयोग से किया। रैली को हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर में अपनी तरह की इस पहली हेरिटेज रैली में 50 से अधिक विंटेज कारों और मोटरसाइकिलों का प्रदर्शन किया गया, जिन्हें वर्षों से शौकीनों ने सहेजकर रखा है। रैली ने शहर में करीब 15 किलोमीटर का सफर तय किया और लोगों को पुराने दौर की ऑटोमोबाइल विरासत से रूबरू कराया।
कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह और संवाद सत्र के साथ हुआ, जिसमें विंटेज वाहनों के मालिकों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। यह रैली शहर में विरासत और स्वास्थ्य सेवाओं की चार दशक की यात्रा का अनूठा प्रतीक बनकर उभरी।
बाइक रैली निकालकर दिया लैंगिक समानता का संदेश
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सेक्टर-20 स्थित एक अस्पताल की ओर से महिला बाइकर्स रैली का आयोजन किया गया। रैली को फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर आत्मनिर्भरता और लैंगिक समानता का संदेश दिया। इस मौके पर पैरा एथलीट कंचन लखानी, डॉ. पुनीता हसीजा, विरेंद्र सिंह, डॉ. सतरूपा चटर्जी और डॉ. अनीता गौतम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अस्पताल के फैसिलिटी डायरेक्टर अजय भारद्वाज ने कहा कि महिलाओं का सशक्त होना समाज की प्रगति के लिए जरूरी है। रैली के बाद अस्पताल में महिलाओं और बच्चों के लिए फ्री हेल्थ चेक-अप कैंप भी लगाया गया।
साइक्लोथॉन में दिखा फिटनेस का उत्साह
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एशियन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज द्वारा साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली-एनसीआर से आए करीब 365 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की साइकिल रेस आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अस्पताल के चेयरमैन डॉ. एनके पांडेय ने झंडी दिखाकर किया। इस दौरान अभिनेत्री ईशा गुप्ता भी मौजूद रहीं। प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए मार्ग पर एम्बुलेंस, नर्सिंग स्टाफ और रिफ्रेशमेंट काउंटर लगाए गए थे। साइक्लोथॉन में 10 से 79 वर्ष तक के लोगों ने भाग लेकर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।