संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। वीरों की भूमि कहे जाने वाले गांव अटाली स्थित कन्या प्राथमिक पाठशाला में चल रहे सात दिवसीय योग शिविर के दूसरे दिन ग्रामीणों को योग, ध्यान एवं योग चिकित्सा से अवगत कराया गया। शिविर की शुरुआत किसान सेवा समिति के तहसील प्रभारी रामशरण की ओर से की गई। उन्होंने योग को जीवन शैली का अभिन्न हिस्सा बताते हुए ग्रामीणों से नियमित योग का अभ्यास करने की अपील की।
अजय शास्त्री ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक शांति भी प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि योग के माध्यम से तनाव, चिंता और थकान को दूर कर जीवन में ऊर्जा और सकारात्मकता लाई जा सकती है। उन्होंने ग्रामीणों को हठयोग, राजयोग, कर्मयोग, भक्ति योग और ज्ञान योग जैसे विभिन्न योग रूपों की जानकारी दी और यह भी बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में पूरी दुनिया योग को समर्पित करती है।
अजय शास्त्री ने सभी से अनुरोध किया कि वे इस शिविर में भाग लें और योग से जुड़कर अपने जीवन को स्वस्थ और सुखद बनाएं। कार्यक्रम में जिला प्रभारी अजीत भाटी, संरक्षक इंद्रजीत, लहरी सैनी, गिर्राज सैनी, कर्मवीर, पंडित लख्मीचंद, मास्टर जगनी, बलदेव सैनी, करतार सैनी, बब्बे पहलवान, चौधरी पूरण, पप्पू जांगड़ा, जयमल सैनी, पंडित कुंदन, मदन, राजेंद्र शांडिल्य और सतीश पाराशर जैसे कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।