112 पर फोन कर पुलिस को दी सूचना, खनन विभाग से जांच कर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। मोहना गांव में यमुना नदी किनारे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के नीचे मिट्टी की कथित अवैध खुदाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने मिट्टी उठाने का विरोध करते हुए काम रुकवाने का प्रयास किया और पुलिस हेल्पलाइन 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। ग्रामीणों ने खनन विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, सेक्टर-65 से नोएडा हवाई अड्डे के बीच आवाजाही के लिए बनाए जा रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रही कंपनी की ओर से उक्त स्थान से मिट्टी खोदकर उठाई जा रही थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मिट्टी की खुदाई खनन विभाग के नियमों के विरुद्ध की जा रही थी। विरोध के बाद कंपनी की ओर से शिशुपाल सोलंकी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का दावा है कि घटनाक्रम के कई प्रत्यक्षदर्शी भी मौजूद थे, जो जरूरत पड़ने पर बयान दे सकते हैं।
ग्रामीण ईश्वर नंबरदार ने प्रशासन और खनन विभाग से मांग की कि मिट्टी की खुदाई और उससे संबंधित अनुमति व दस्तावेज की जांच की जाए। यदि खुदाई अवैध पाई जाती है तो संबंधित कंपनी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वहीं, मुकेश अत्री ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर नियमों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।