लोगों ने कहा- सफाई करने नहीं आते हैं कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। गांव तिगांव जनसंख्या व क्षेत्रफल अधिक होने की वजह से दो पंचायतों में बंटा हुआ है। जिसमें एक गांव तिगांव और दूसरा तिगांव अधाना पट्टी है। तिगांव अधाना पट्टी में बाजार से होते हुए बैंक को जाने का एकमात्र रास्ता है। जिस पर सीवर का पानी भरा होने की वजह लोगों को परेशानी होती है। वही इस समस्या की वजह से दूसरे रास्ते पर जाम की समस्या बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों ने पंचायत कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया कि गांव में सफाई करने के लिए कर्मियों की नियुक्ति की हुई है जोकि समय पर नालियों की सफाई नहीं करते हैं। उसी वजह से सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहता है। उन्होंने बताया कि अगर कोई सफाई कर देता है तो उस नाली की गंदगी को उठा कर नहीं ले जाते। जिस कारण गंदगी वापस नालियों में भर जाती है। इसी वजह से लगातार यहां गंदगी रहती है।
नौकरी पर जाने में हो जाती है देरी
तिगांव अधाना पट्टी के निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया की गंदे पानी की वजह से उन्हें तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मुकेश ने बताया की उसको इस रास्ते का प्रयोग करके नौकरी लिए सुबह जल्दी जाना होता है । गंदगी और जाम की वजह से लेट लतीफी का सामना करना पड़ता है । तिगांव अधाना पट्टी के सरपंच वेद प्रकाश अधाना ने बताया की गली के नीचा होने से गंदे पानी की निकासी में दिक्कत आ रही है। इस रास्ते के पुनर्निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है । अगले सप्ताह तक मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा ।