अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) फरीदाबाद की ओर से बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में शहर में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की शुरुआत सेक्टर 28-19 चौक से हुई जो ओल्ड मार्केट से होते हुए सेक्टर 16 तक पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद फरीदाबाद के सह मंत्री दिनेश मित्तल ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन हैं। उन्होंने भारत सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस गंभीर मुद्दे पर त्वरित और ठोस कदम उठाने की मांग की, ताकि पीड़ित हिंदू समाज को सुरक्षा और न्याय मिल सके।
दिनेश मित्तल ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद विश्वभर में हिंदू समाज की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और ऐसे किसी भी अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व विभाग संगठन मंत्री संजय के मार्गदर्शन में तथा क्षेत्रीय सह संयोजिका सीमा शर्मा (दुर्गा वाहिनी) की उपस्थिति में किया गया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हिंदू समाज के समर्थन में नारे लगाए।