एवीटीएस भूपानी की टीम ने पांच गिरोहों का किया खुलासा
नंबर गेम- 21 वाहन जेसीबी समेत बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच की एवीटीएस-2 (एंटी व्हीकल थेफ्ट स्क्वाड्रन) भूपानी की टीम ने वाहन चोरी करने वाले पांच अलग-अलग संगठित गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए 11 चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 16 बाइक, तीन ऑटो, एक स्कूटी और एक जेसीबी मशीन सहित 21 वाहन बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने बताया कि एवीटीएस-2 भूपानी की टीम ने पिछले तीन हफ्तों के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से आरोपियों को दबोचा है। उन्होंने बताया कि राहुल-आमिर गैंग के कब्जे से एक बाइक और एक जेसीबी मशीन बरामद हुई है। वहीं फैसल-मुफीद-रशीद गैंग से चार बाइक व एक ऑटो, फज्जर गैंग से चार बाइक व एक स्कूटी, साहिल-धीरेंद्र गैंग से तीन बाइक और फैजल-मोशिम उर्फ शहीद गैंग के कब्जे से तीन बाइक जब्त की गई हैं। इसके अलावा अपराध शाखा की टीम ने चार अलग-अलग आरोपियों से दो ऑटो और एक बाइक बरामद की है। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद व हरियाणा के विभिन्न जिलों में वाहन चोरी के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। जेल से जमानत पर छूटने या सजा पूरी होने के बाद बाहर आकर ये फिर से गिरोह बनाकर चोरी की वारदातों में सक्रिय हो जाते थे।
ऐसे करते थे चोरी
ये आरोपी अपने-अपने इलाकों से बस या ट्रेन के जरिये नोएडा, फरीदाबाद और हरियाणा के अन्य-अन्य क्षेत्रों में पहुंचते थे। दिन के समय अलग-अलग कॉलोनियों व बाजारों में घूमकर पार्क किए गए वाहनों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मास्टर चाबी या लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर लेते थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी चोरी के वाहनों को तुरंत बेचने के बजाय किसी जगह पर छिपा देते थे।
10 और वाहन रिमांड पर होंगे बरामद
एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने 10 अन्य वाहनों की चोरी की बात कबूल की है, जिन्हें रिमांड अवधि के दौरान बरामद किया जाएगा। इसके साथ ही, चोरी के वाहनों को खरीदने, कटवाने (डिस्मेंटल) और ठिकाने (डिस्पोज) लगाने वाले कबाड़ियों व खरीदारों की भी पहचान कर ली गई है। बरामद वाहनों के सही मालिकों की पहचान कर उन्हें कोर्ट के जरिये गाड़ियां सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।