क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने की कार्रवाई, चोरी की पांच बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो बाइक चोर और चोरी की बाइक खरीदने वाला एक व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइक बरामद की हैं। पूछताछ में थाना कोतवाली, सेक्टर-17, एसजीएम नगर और सेक्टर-31 क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की पांच वारदात का खुलासा हुआ है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने निरीक्षक अनिल के नेतृत्व में थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में बाइक चोरी के एक मामले की जांच करते हुए 22 अक्तूबर को मेवला महाराजपुर निवासी मोहित को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे पांच दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो सामने आया कि वह अपने साथी सुमित के साथ मिलकर बाइक चोरी करता था। दोनों ने चोरी की एक मोटरसाइकिल गांव के ही अनुराग को आठ हजार रुपये में बेच दी थी।
इसके बाद पुलिस ने मोहित के साथी सुमित और चोरी की बाइक खरीदने वाले अनुराग को भी गिरफ्तार कर लिया। अनुराग से एक चोरी की बाइक बरामद हुई। वहीं, मोहित और सुमित से पूछताछ में अन्य वाहन चोरी की वारदात का भी पता चला।
मेवला महाराजपुर से मिलीं चार और बाइक
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र से दो जबकि सेक्टर-17 और एसजीएम नगर क्षेत्र से एक-एक बाइक चोरी की थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपितों की निशानदेही पर मेवला महाराजपुर से चोरी की चार और बाइक बरामद कीं। इस तरह कुल चोरी की पांच बाइक बरामद की गईं । तीनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया।