फरीदाबाद-झज्जर जोन का जोनल यूथ फेस्टिवल तीन से पांच नवंबर तक आयोजित किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एमडी विश्वविद्यालय रोहतक के फरीदाबाद-झज्जर जोन का जोनल यूथ फेस्टिवल तीन से पांच नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस बार फेस्टिवल की मेजबानी पलवल के सरस्वती महिला कॉलेज को सौंपी गई है। शुक्रवार को कॉलेज में आयोजित मीटिंग में तारीखों को अंतिम रूप दिया गया। कॉलेज परिसर में छह मंचों पर विभिन्न इवेंट्स का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में फरीदाबाद, पलवल और झज्जर जिले के करीब 37 कॉलेजों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। फेस्टिवल के लिए पहले से प्रस्तावित तीन से पांच नवंबर की तारीख को ही फाइनल किया गया है। तीन दिन चलने वाले इस यूथ फेस्टिवल में कुल 45 इवेंट्स होंगे। इनमें थियेटर, नृत्य, डिबेट, पोस्टर, मेहंदी, रंगोली, फोटोग्राफी, भजन, गजल, संगीत, फाइन आर्ट और लिटरेरी से संबंधित प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी। तीन और चार तारीख को छह मंचों पर और पांच तारीख को चार मंचों पर इवेंट्स का आयोजन होगा।
कॉलेजों को जल्द ही कराना होगा रजिस्ट्रेशन
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कॉलेजों को जल्द ही अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा और यह बताना होगा कि वे किन इवेंट्स में हिस्सा लेंगे। इसके बाद यूनिवर्सिटी की ओर से प्रस्तुति क्रम तय किया जाएगा। डॉ. प्रताप राठी ने कहा कि यूथ फेस्टिवल छात्रों की प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त मंच है। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक कॉलेज और विद्यार्थी इससे जुड़ें। प्रिंसिपल डॉ. वंदना त्यागी ने कहा कि कॉलेज फेस्टिवल को सफल और यादगार बनाने के लिए पूरी तैयारी करेगा।
डॉ. सुनील शर्मा बने फेस्टिवल कोऑर्डिनेटर
राजकीय कॉलेज खेड़ी गुजरान के प्रोफेसर डॉ. सुनील शर्मा को फरीदाबाद-झज्जर जोन के जोनल यूथ फेस्टिवल का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में एमडी यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर यूथ वेलफेयर डॉ. प्रताप राठी ने खेड़ी गुजरान कॉलेज को पत्र जारी किया है। उन्हें फेस्टिवल की तैयारियों और संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।