valentine week : youth celebrates chocalate day
फरीदाबाद। वेलेंटाइन वीक के तीसरे दिन युवाओं ने चॉकलेट-डे पर प्रमियों से अपने प्यार का इजहार किया। शहर में अविवाहित जोड़ों के अलावा शादीशुदा जोड़ों ने अपने साथी को चॉकलेट देकर प्यार की मिठास का अहसास करवाया। वहीं, बुधवार को टेडी-डे के लिए युवा खरीदारी करते नजर आए। इस दौरान बाजार में गिफ्ट की दुकानों पर दिनभर युवाओं की भीड़ रही।
वेलेंटाइन वीक में हर दिन की अलग खासियत है। जो लोग प्रपोज डे पर अपनी बात प्रेमिका से नहीं कह पाते हैं वह चॉकलेट देकर अपनी बात कहने का प्रयास करते हैं। मंगलवार को बाजार में दुकानों पर चॉकलेट खरीदते युवाओं के चेहरे पर ऐसा ही कुछ देखने को मिला। वहीं कुछ युवा और युवती ऐसे भी थे जो शादी के बंधन में तो बंध चुके हैं पर अपने साथी को विशेष महसूस करवाने के लिए चॉकलेट को विकल्प मान रहे हैं।
सेक्टर-49 सैनिक कॉलोनी निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनकी शादी को करीब आठ साल होने वाले हैं। शादी के बाद भी दोनों में प्यार पहले जैसा ही बना हुआ है। इसकी मिठास वेलेंटाइन सप्ताह में महसूस होती है। उन्होंने बताया कि पत्नी हिमप्रीत कौर को चॉकलेट देकर उन्होंने अपने प्यार का इजहार किया।
ओल्ड फरीदाबाद निवासी हेमा गर्ग ने बताया कि उनके पति गोविंद गर्ग ने उन्हें उनकी मनपसंद चॉकलेट भेंट की है। शादी के बाद ऐसा उपहार अपने पति से पाकर वह बहुत खुश हैं। उनकी शादी में 15 फरवरी 2011 में हुई है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद का वेलेंटाइन उनके लिए खास है।