फरीदाबाद में प्रपोज डे पर कार्ड खरीदता युवक।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। रविवार को लाल गुलाब के साथ शुरू हुआ इजहार-ए-इश्क का पर्व सोमवार को कसम-ओ-वादों की दहलीज पर पहुंचा। प्रेमियों ने अपनी मुहब्बत का इजहार अलग-अगल अंदाज में किया। किसी ने ग्रीटिंग कार्ड पर अपने दिल की बात लिखकर तो किसी ने उपहार देकर प्रपोज किया। दिनभर सोशल मीडिया पर प्रपोज का सिलसिला जारी रहा। हालांकि सोशल मीडिया के कारण दुकानों पर ग्रीटिंग कार्ड की बिक्री में कमी देखने को मिली है।
वेलेंटाइन वीक पर मार्केट भी पूरी तरह सजा हुआ है। दुकानों पर तरह-तरह के टेडी बियर, ग्रीटिंग कार्ड, लैंप लाइट, घड़ियां सजी हुई हैं। इश्क के इजहार के लिए बाजार में कई तरह के ग्रीटिंग कार्ड मौजूद हैं। प्रेमियों ने एक-दूसरे को ग्रीटिंग दिए। वहीं, युवाओं ने अपनी प्रेमिका को सुंदर टेडी बियर गिफ्ट कर उनका दिल जीत लिया। सेक्टर-12 स्थित सीटीसी मॉल और सेक्टर-29 स्थित अदिती गैलरी में 50 से दो हजार रुपये तक के ग्रीटिंग कार्ड उपलब्ध हैं।
अदिती गैलरी के संचालक संदीप गर्ग ने बताया कि 1500 और दो हजार रुपये तक के ग्रीटिंग कार्ड की डिमांड प्रपोज डे वाले दिन ज्यादा होती है। इस कार्ड में युवा दिलों की फीलिंग को जाहिर करने वाली सभी बातें लिखी हैं, जिनसे वह अपने साथी से इजहार करना चाहता है। इसमें म्यूजिक सिस्टम के साथ फोटो फ्रेम भी है, इसमें अपने साथी का फोटो सजाया जा सकता है। सोमवार को इनकी खूब बिक्री हुई। हालांकि यह पिछले साल के मुकाबले कम है। सोमवार को मॉल और रेस्तरां में युवाओं की खासी भीड़ देखने को मिली। कई युवाओं ने पार्कों में अपनी प्रेमिकाओं के साथ दिन बिताया।