फरीदाबाद। कोरोना से बचाव के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई रणनीति तैयार की है। इसे मेरा गांव, मेरा अभिमान, संपूर्ण कोविड टीकाकरण अभियान नाम से शुरू किया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के तहत ऐसे लोगों को सूचीबद्ध कर वैक्सीनेशन का लाभ दिया जाएगा, जो अभी आगे नहीं आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रणनीति के अनुसार टीकाकरण के लिए स्मल बस्ती, ग्रामीण क्षेत्रों पर अधिक ध्यान रहेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने बताया कि इन दिनों स्वास्थ्य विभाग सरकारी केंद्रों में टीकाकरण सुविधा लोगों को मुहैया कराने में जुटा है। ऐसे में टीकाकरण का लाभ केवल वहीं लोग ले रहे हैं, जो स्वयं टीकाकरण के लिए जागरूक हैं व इसमें रुचि दिखा रहे हैं, जबकि ऐसे लोग जो टीकाकरण में रुचि नहीं रखते हैं, वह आगे नहीं आ रहे। इसको ध्यान में रखकर टीकाकरण किया जाएगा।
युवाओं के सहारे सफल बनाएंगे अभियान
इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक गांव के पांच युवाओं की एक टीम बनाएगा। इसमें क्षेत्र की आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी शामिल होंगी। उन लोगों की सूची तैयारी की जाएगी, जिन्होंने अभी तक टीका नहीं लगवाया है। इन लोगों को गांव के युवा संगठनों के सहयोग से टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही उन्हें नजदीकी टीकाकरण केंद्र तक आने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मुनादी भी कराई जाएगी।
वर्जन-
अभियान के दौरान युवा टीम, गैर सरकारी संगठनों व स्वास्थ्य कर्मियों को जिला स्तर पर चिन्हित कर ऐसा किया जाएगा। ऐसे युवाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। संभावित तीसरी लहर से पहले सभी लोगों का टीकाकरण हो सके, इसलिए अभियान का सहारा लिया जाएगा। गांवों व स्लम क्षेत्र में टीकाकरण किया जाएगा। - डॉ. रणदीप सिंह पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी