फरीदाबाद। त्योहारों को देखते हुए कई शहरों में अधिक ट्रेनें चलाई जा रही हैं साथ ही उनके समय में भी बदलाव किया जा रहा है। वहीं फरीदाबाद में ट्रेनों के देरी से पहुंचने का आलम जारी है। रविवार को योग नगरी ऋषिकेश से पुरी जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस करीब 2 घंटे 14 मिनट देरी से ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन पहुंची। वहीं कुछ लोकल ट्रेनें भी 15-20 मिनट देरी से पहुंची।
इसके चलते यात्रियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। कोसी कला, मथुरा और आगरा कैंट जा रहे यात्रियों को घंटों स्टेशन पर बैठे रहे रहना पड़ा। कई यात्री तो ट्रेन छूट ना जाए इसके डर से करीब एक घंटा पहले ही स्टेशन पहुंच गए थे।
नितिन नाम के मथुरा जाने वाले एक यात्री ने बताया कि 12.20 बजे की ट्रेन थी। मैं करीब 12 बजे ही पहुंच गया था, पर ट्रेन पिछले दो घंटे से नहीं आई है।
एक अन्य यात्री नीरज ने बताया कि यह रोज की समस्या हो गई है। पिछले एक सप्ताह में कई बार ट्रेन घंटों देरी से पहुंची है। उन्होंने कहा कि बस से ट्रैफिक मिलेगा और देर लगेगी यह सोचकर ट्रेन से सफर करने आते हैं, पर यहां आकर स्टेशन पर ही घंटों बिताने पड़ जाते हैं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से कई बार ट्रेनों के देरी से पहुंचने की खबरें आई हैं।