आज से शुरू होगा सघन निरीक्षण अभियान, ऑन-द-स्पॉट समाधान की रणनीति अपनाई जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर की बदहाल सड़कों, खराब स्ट्रीट लाइटों और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे आम जनमानस को बड़ी राहत मिलने वाली है। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी के नेतृत्व में 16 मार्च से शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों का सघन निरीक्षण अभियान शुरू होने जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर को सुंदर, स्वच्छ और सुगम यातायात वाला बनाना है।
निगम प्रशासन ने इस बार निरीक्षण को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखकर ऑन-द-स्पॉट समाधान की रणनीति अपनाई है। मेयर कार्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, शहर के कई मुख्य मार्ग और गोलचक्कर लोक निर्माण विभाग, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इन सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निरीक्षण के दौरान पूर्ण रिकॉर्ड और जानकारी के साथ मौके पर मौजूद रहें ताकि तकनीकी खामियों और प्रशासनिक अड़चनों को तुरंत दूर किया जा सके।
निगम मुख्यालय से शुरू होगा पहले चरण का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत नगर निगम मुख्यालय से होगी। पहले चरण में बीके चौक, हार्डवेयर चौक, व्हर्लपूल चौक और ईस्ट इंडिया चौक जैसे व्यस्त इलाकों का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद टीम सेक्टर-23/24 के चौक, सेक्टर-55 कट, बल्लभगढ़-सोहना रोड और पीर बाबा (गौंछी ड्रेन रोड) तक पहुंचेगी। रूट में सेक्टर-52 पुलिया, जवाहर कॉलोनी डिस्पोजल, गुरुद्वारा रोड, सारन चौक, आयशर चौक, प्याली चौक और खटाना चौक को भी शामिल किया गया है। अभियान के अंत में मस्जिद चौक, मुल्ला होटल, नमस्ते चौक, एनआईटी-5 बिजली बोर्ड और सेंट जोसेफ स्कूल मोड़ से होते हुए टीम वापस निगम कार्यालय लौटेगी।
इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर रहेगी विशेष नजर
इस महा-निरीक्षण के दौरान केवल सड़कों की मरम्मत ही नहीं, बल्कि चौराहों की सुंदरता, वहां लगी स्ट्रीट लाइटों की कार्यक्षमता और ट्रैफिक सिग्नलों की भी समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही सर्विस रोड की हालत, अंडरपास की सफाई और मुख्य सड़कों के किनारे फैले अवैध अतिक्रमण पर भी सख्त रुख अपनाया जाएगा। |
अगले चरणों की भी तैयारी पूरी
प्रशासन द्वारा केवल एक दिन नहीं बल्कि पूरे महीने का खाका तैयार किया गया है। 16 मार्च के सफल आयोजन के बाद 20 मार्च को सैनिक कॉलोनी, अनखीर चौक, बड़खल और नीलम चौक जैसे इलाकों का निरीक्षण होगा। वहीं 24 मार्च को डबुआ-पाली रोड, गाजीपुर रोड, नांगला रोड और भाड़ाना चौक जैसे क्षेत्रों में विकास कार्यों की हकीकत जांची जाएगी।