जर्जर भवन, टूटा गेट और गंदगी से परेशान मरीज, बारिश में टपकता है पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-23 स्थित अर्बन पब्लिक हेल्थ सेंटर की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के दावों के बीच यहां की जमीनी स्थिति बुनियादी सुविधाओं की कमी को साफ तौर पर उजागर करती है।स्थिति ऐसी है कि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाले इस भवन को खुद इलाज की जरूरत है।
केंद्र का भवन जर्जर हालत में है और कई हिस्सों में मरम्मत की तत्काल आवश्यकता है। यहां मरीजों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है और न ही अलग-अलग वार्डों की उचित व्यवस्था मौजूद है। सीमित जगह के कारण मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे इलाज की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है।
केंद्र के शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। नियमित सफाई न होने के कारण वहां गंदगी फैली रहती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा मुख्य गेट टूटा हुआ है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो जाती है और परिसर में अनियंत्रित आवाजाही बनी रहती है।
बारिश में स्थिति हो जाती है और खराब
मरीजों ने बताया कि बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है। भवन की छत से पानी टपकता है, जिससे कमरों में पानी भर जाता है और मरीजों को असुविधा होती है। कई बार दवाइयों और जरूरी मेडिकल सामग्री के खराब होने का भी खतरा बना रहता है। मरीजों ने प्रशासन से इस केंद्र की स्थिति में तुरंत सुधार करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत और साफ-सफाई पर ध्यान नहीं दिया गया तो मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। यह पूरा मामला स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को सामने लाता है और तत्काल सुधार की आवश्यकता को दर्शाता है।