एक महिला ने लगाया था नहाते समय वीडियो बनाने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना परिसर में शुक्रवार को एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। आनन-फानन में परिजन उसे बादशाह खान नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
पीड़ित व्यक्ति की पहचान भूड़ कॉलोनी निवासी पंकज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पंकज के खिलाफ एक महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी पूछताछ के लिए उसे थाने बुलाया गया था। इसी दौरान उसने यह कदम उठाया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पंकज पहले बसेलवा कॉलोनी में एक महिला के घर किराये पर परिवार सहित रहता था। कुछ दिन पहले महिला ने थाने में शिकायत दी थी कि पंकज ने उसके नहाते समय वीडियो बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये वसूल किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पंकज के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
थाना प्रभारी के अनुसार शुक्रवार को पंकज की पत्नी और मां पहले थाने पहुंची थीं। कुछ देर बाद पंकज भी वहां आया और थाने के गेट के भीतर प्रवेश करते ही उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
वहीं, पंकज की पत्नी ने महिला के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके पति ने महिला से दो लाख रुपये उधार लिए थे, जिनमें से एक लाख रुपये पहले ही लौटाए जा चुके हैं। उनका आरोप है कि बाकी रकम लौटाने के लिए महिला लगातार दबाव बना रही थी और घर आकर बेइज्जती करती थी। इसी मानसिक तनाव के चलते उनके पति ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।