- मध्यम से कठिन रहा पेपर, पहली बार लागू हुआ फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में रविवार को आयोजित यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा में अभ्यर्थियों को इस बार बदले हुए पैटर्न का सामना करना पड़ा। परीक्षार्थियों के अनुसार प्रश्नपत्र मध्यम से कठिन स्तर का रहा और कई सवालों को हल करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा। परीक्षा में वर्ष 2024 तक के करेंट अफेयर्स से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए।
यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा जिले के 37 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिनमें एक केंद्र विशेष रूप से दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित था। परीक्षा दो शिफ्टों में हुई। पहला पेपर सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित किया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 भी लागू रही। इस बार परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का फेस स्कैन किया गया और सत्यापन के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे पर मिला-जुला भाव दिखाई दिया।
कोट-
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पेपर थोड़ा कठिन रहा। प्रश्नों को हल करने में काफी समय लगा। -चेतन मीणा, परीक्षार्थी
परीक्षा में पुराने करेंट अफेयर्स से भी सवाल पूछे गए। पेपर ठीक गया, अब परिणाम का इंतजार है। -नागेंद्र, परीक्षार्थी