साइबर थाना बल्लभगढ़ और सेंट्रल पुलिस ने दर्ज की तीन प्राथमिकियां
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ और सेंट्रल की पुलिस ने जालसाजों द्वारा की गई 15 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामलों में 23 मई को तीन प्राथमिकियां दर्ज की हैं। शातिरों ने कहीं ऑनलाइन फॉरेक्स ट्रेडिंग में पैसा दोगुना करने, कहीं क्रेडिट कार्ड से इंश्योरेंस प्लान हटाने के बहाने एपीके फाइल भेजकर तो कहीं व्हाट्सएप पर पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर तीन लोगों को ठगा।
सेक्टर-16ए दौलताबाद निवासी मनोज सैनी को अगस्त और सितंबर 2025 के दौरान मनोहर अंसारी, विक्रम सिंह, सोनल बट्टा और विकास राव ने फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। आरोपियों के बहकावे में आकर पीड़ित ने एक फर्जी वेबसाइट पर खाता खोला और अलग-अलग तारीखों में कुल 14,42,460 रुपये ट्रांसफर कर दिए। मुनाफा दिखने पर जब रकम निकालनी चाही तो आरोपियों ने और पैसों की मांग की और बाद में वेबसाइट बंद कर फोन उठाना बंद कर दिया।
वहीं, गांव मुजेड़ी निवासी नेमप्रकाश के पास 20 अप्रैल को बैंक का कर्मचारी बनकर एक कॉल आई। ठग ने पीड़ित को झांसा दिया कि उनके नए क्रेडिट कार्ड पर हेल्थ इंश्योरेंस प्लान लगा हुआ है, जिसे हटाने के लिए व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी गई। पीड़ित ने जैसे ही उस फाइल को ओपन किया, उनके क्रेडिट कार्ड से 22,187 रुपये कट गए। इसी तरह बल्लभगढ़ के ऊंचा गांव निवासी कपिल 16 अप्रैल को गूगल पर नौकरी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनके व्हाट्सएप पर दो अज्ञात नंबरों से पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया। आरोपियों ने शुरुआत में 300 रुपये का निवेश करवाकर भरोसा जीता और फिर अलग-अलग क्यूआर स्कैनर भेजकर कुल 44,500 रुपये ठग लिए।