-हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन, सरकार को चेतावनी- जल्द रिहाई नहीं तो करेंगे हाईवे जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम की गिरफ्तारी को लेकर हिंदू संगठनों व गो रक्षा दल में नाराजगी है। सोमवार को पलवल के ताऊ देवीलाल पार्क में हिंदू व गो रक्षा दल संगठनों ने भारी संख्या में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर राधेश्याम को गो-तस्करों पर कार्रवाई करने की सजा दी जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि अगर इंस्पेक्टर को जल्द रिहा नहीं किया गया और केस रद्द नहीं हुआ तो नेशनल हाईवे-19 पर आगरा चौक को जाम कर दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान राधेश्याम निर्दोष है, गो तस्करों को बचाना बंद करो, जैसे नारे गूंजते रहे। संगठनों का कहना है कि इंस्पेक्टर राधेश्याम ने सिर्फ अपनी ड्यूटी निभाई और गोकशी की सूचना पर कार्रवाई की थी। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने खेल मंत्री गौरव गौतम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है, लेकिन संगठनों ने चेतावनी दी है कि वे सड़कों से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे। हालांकि, पुलिस का पक्ष इससे भिन्न है। इंस्पेक्टर राधेश्याम पर हिरासत में अमानवीय यातना देने के गंभीर आरोप हैं। कोटा निवासी आबिद ने आरोप लगाया है कि 5 दिसंबर को उसे मिर्ची का घोल पिलाया गया और इजेक्शन के माध्यम से मिर्ची के घोल को प्राइवेट पार्ट में डाला गया। सीसीटीवी फुटेज, पुलिसकर्मियों और डॉक्टर के बयानों से आरोपों की पुष्टि हुई है। इस दौरान विजय वर्मा, मुनीश भाटला, बबलू खटाना, मनोज गिरी, धर्मेंद्र नागर, नरेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
सचिन कुमार