सूरजकुंड रोड की पहाड़ियों में तीन संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड रोड स्थित पहाड़ियों में गोवंश काटने के आरोप को लेकर रविवार को हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची सूरजकुंड थाना पुलिस ने मौके से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस जब उन्हें अपने साथ ले जाने लगी तो बजरंग दल और हिंदू रक्षा दल के सदस्य पुलिस वाहन के आगे बैठ गए और विरोध करने लगे।
इस दौरान पुलिस और सदस्यों के बीच धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया। घटना के कारण सूरजकुंड रोड पर कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा। हिंदू रक्षा दल के सदस्य दीपक ने बताया कि उनके साथी सागर को पहाड़ियों में गोवंश काटे जाने की सूचना मिली थी। आरोप है कि सागर मौके पर पहुंचकर अंदर गया तो वहां गोवंश काटा जा रहा था। दीपक के मुताबिक, इस दौरान सागर पर चाकू से हमला करने का प्रयास भी किया गया। सागर ने फोन कर इसकी जानकारी दी, जिसके बाद वह अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर सूरजकुंड थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सोनू, साकिर और राजेश को अपने साथ लिया। इसके विरोध में बजरंग दल और हिंदू रक्षा दल के सदस्य पुलिस वाहन के आगे बैठ गए। पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहले नगर निगम का बूचड़खाना था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मौके की स्थिति को देखते हुए किसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि कुछ देर के लिए माहौल गरमाया था, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।