फरीदाबाद। सेक्टर-31 में निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार को 83 वर्षीय महिला मरीज के इलाज और बिल को लेकर परिजनों ने हंगामा किया। परिवार का आरोप था कि आठ दिन से भर्ती महिला की तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, जबकि इलाज का बिल लगातार बढ़ता गया। इसी बात को लेकर दोपहर में परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर नाराजगी जताई।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों पर डॉक्टरों के साथ अभद्रता करने और बिल के भुगतान को लेकर हंगामा करने का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। अस्पताल के प्रबंधन का कहना है कि महिला हृदय रोग से पीड़ित हैं। उन्हें सांस लेने में परेशानी के साथ मधुमेह और उच्च रक्तचाप की भी समस्या है। इससे पहले दूसरे अस्पताल में उनकी एंजियोप्लास्टी हो चुकी है। प्रबंधन ने इलाज में किसी तरह की कमी से इन्कार करते हुए मरीज की स्थिति पहले से बेहतर बताई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि निजी अस्पताल और परिजनों के बीच मामला सुलझ गया है। इस बारे में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। संवाद