संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव चांदपुर में सरपंच और गांव वालों की ओर से एक अनोखी पहल की गई है। गांव में जगह-जगह गर्मी के दिनों में लावारिस जानवरों की प्यास बुझाने के लिए प्याऊ लगाए गए हैं। वहीं बस स्टैंड पर ठंडा पानी करने के लिए वाटर कूलर लगाया गया है।
गांव चांदपुर के सरपंच सूरजपाल भूरा और जिला परिषद रेखा भटी ने बताया कि गर्मी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। गांव में लावारिस जानवरों की संख्या काफी ज्यादा है। गर्मी में लावारिस जानवरों को पीने का साफ पानी नहीं मिल पाता है। जिसके लिए उन्होंने गांव में जगह-जगह चौराहों पर गो जल सेवा के प्याऊ लगाए हैं। जिसमें से उस प्याऊ के आसपास रहने वाले लोग उसको सुबह व शाम साफ करके भरते हैं। इसके अलावा उनका गांव यमुना तट के पास बसा हुआ है। उनके गांव में बस स्टैंड बना हुआ है। जहां पर रोडवेज बस के अलावा सिटी बस और निजी बसों का संचालन बल्लभगढ़ डिपो तक किया जाता है। बस स्टैंड पर ठंडे पानी की सुविधा नहीं होने की वजह से लोगों को 20 रुपये की पानी की बोतल खरीदनी पड़ती है, इसलिए उनकी ओर से एक ठंडे पानी का वाटर कूलर लगाया गया है। जिससे कोई भी व्यक्ति ठंडा पानी पी सकता है।