लेजर वैली पार्क में 3.88 करोड़ की लागत से बने लगाए गए हैं फव्वारे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद के एनआईटी-86 विधानसभा क्षेत्र की डबुआ कॉलोनी स्थित वार्ड नंबर 10 के लेजर वैली पार्क में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने रंगीन म्यूजिकल फव्वारों का उद्घाटन किया। यह परियोजना फरीदाबाद मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा लगभग तीन करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से विकसित की गई है और वर्ष 2028 तक इसकी देखरेख एवं मेंटेनेंस का कार्य भी इस फव्वारे का निर्माण करने वाली कंपनी की तरफ से ही किया जाएगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह म्यूजिकल फव्वारा न केवल क्षेत्र के सौंदर्य में वृद्धि करेगा, बल्कि लोगों को सायंकालीन समय में एक सुंदर और मन भावक वातावरण प्रदान करेगा। उन्होंने आगे कहा कि लेज़र वैली पार्क में यह नया आकर्षण स्थानीय नागरिकों के लिए एक मनोरंजक स्थल बनकर उभरेगा और बच्चों व परिवारों के लिए सैर-सपाटे का बेहतरीन विकल्प प्रदान करेगा। सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए और इस दिशा में यह पार्क विकास कार्य एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर फरीदाबाद के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। इसी कड़ी में फरीदाबाद को बिजली की तारों के जाल से मुक्ति दिलाने के लिए केंद्र सरकार से 2800 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसके टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी। इस योजना के अंतर्गत आने वाले डेढ़ से दो वर्षों के भीतर शहर की सभी बिजली की तारों को भूमिगत किया जाएगा। इससे न केवल शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि बिजली के खंभे हटने से सड़कों और कॉलोनी की गलियों का चौड़ी करण भी संभव हो सकेगा। साथ ही, पेड़ों की अकारण छंटाई नहीं करनी पड़ेगी, जिससे हरित क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। पिछले 11 वर्षों में फरीदाबाद में सड़कों और हाईवे कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति पर विशेष ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि एनआईटी क्षेत्र ऐसा क्षेत्र हैं जहां पीने के मीठे पानी की उपलब्धता को लेकर लंबे समय से चुनौतियां बनी हुई हैं। इस गंभीर समस्या का संज्ञान प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी ने स्वयं लिया है और इस क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये के विशेष बजट को स्वीकृति दी है।
एनआईटी-86 के विधायक सतीश फागना ने भी कार्यक्रम में उपस्थित जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर निगम पार्षद गायत्री देवी, निगम पार्षद जयवीर खटाना, निगम पार्षद संदीप भड़ाना, क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति, एफएमडीए के अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।