रात करीब 2:15 बजे महिला को घर जाने के लिए नहीं मिल रहा था वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर शहर में सेफ सिटी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा रात्रि के समय महिलाओं को उनके गंतव्य पर पहुंचाया जाता है। इसी कड़ी में शुक्रवार को फरीदाबाद पुलिस की दुर्गा शक्ति-3 टीम द्वारा एक महिला को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया गया। टीम का मार्गदर्शन पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने किया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बृहस्पति देर रात करीब 2:15 बजे दुर्गा शक्ति की टीम को ओल्ड चौक के पास एक महिला मिली। महिला ने बताया कि वह फरीदाबाद की चौहान कॉलोनी की रहने वाली है। उसे घर जाने के लिए वाहन नहीं मिल रहा है। इसके बाद दुर्गा शक्ति टीम ने महिला को उसके घर तक छोड़ा।
रात में पुलिस से संपर्क कर सकती हैं महिलाएं
फरीदाबाद पुलिस ने आमजन के लिए सूचना जारी की है। जिसके अनुसार, अगर रात्रि के समय किसी महिला को कोई पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं मिल पा रहा है तो वह फरीदाबाद पुलिस को संपर्क कर सकती है। इसके लिए पुलिस महकमे ने टोल फ्री नंबर जारी किया है। महिला कंट्रोल रूम के नंबर 9999150000, 0129-2227200 पर संपर्क करके पुलिस की मदद ले सकती है। सूचना मिलने पर दुर्गा शक्ति पीसीआर या ईआरवी की टीम उस महिला को उसके घर तक छोड़ेगी।