अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ओल्ड थाना इलाके की बसेलवा कॉलोनी में बृहस्पतिवार देर रात पनीर विक्रेता की चाकू से वार कर हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है िक उस समय पुलिस भी वहा मौजूद थी। दुकान से पहले सामान लेने को लेकर युवकों से हुई कहासुनी के बाद यह वारदात की गई।
मृतक प्रवीण चौधरी मवई इलाके के रहने वाले थे। बसेलवा कॉलोनी में अपनी पनीर की दुकान बंद करके वह बाइक से घर के लिए निकले। किराना की दुकान पर वो कुछ सामान लेने रुके तो वहां खड़े होकर सिगरेट पी रहे युवकों से कहासुनी हो गई। इसी दौरान राजा नामक आरोपी ने चाकू से वार कर प्रवीण की हत्या कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजा को गिरफ्तार कर लिया है।
वह बसेलवा कॉलोनी का रहने वाला है। उस पर पहले से ही 10 से अधिक केस दर्ज है। वह मई में ही जेल से बाहर आया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि ओल्ड थाना पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक प्रवीण चौधरी मवई गांव के पास राजेंद्र नगर कॉलोनी में पत्नी सुलेखा, बेटे कुनाल व बेटी दिशा के साथ रहते थे। उनके पिता जगदीश कुमार भी पास की सनराइज कॉलोनी में रहते हैं।
परिवार मूलरूप से जेवर के नंगला भटोन गांव से है और बीते कई दशक से फरीदाबाद में रह रहे हैं। प्रवीण रोज की तरह बृहस्पतिवार को भी रात 11 बजे बसेलवा कॉलोनी में अपनी पनीर की दुकान बंद कर नौकर धर्मेंद्र के साथ बाइक से घर के लिए निकले। धर्मेंद्र बसेलवा कॉलोनी में ही रहता है। उसके घर के सामने स्थित किराना की दुकान पर सामान लेने के लिए प्रवीण ने बाइक रोकी। आरोप है कि दुकान के बाहर पहले से दो युवक मौजूद थे। सामान लेने को लेकर प्रवीण व उन युवकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। झगड़ा होने पर धर्मेंद्र ने प्रवीण के दोस्त अभय सौरोत उर्फ बिट्टू को कॉल कर बुलाया।
आरोपी दोनों युवकों ने भी अपने दोस्तों को कॉल कर बुला लिया। आरोपियों ने प्रवीण पर चाकू से हमला कर दिया। तीन वार सीने और एक सिर में किया गया। धर्मेंद्र व अभय ने बीच-बचाव का प्रयास किया। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग गए। गंभीर हालत में प्रवीण को धर्मेंद्र व अभय अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रवीण के पिता जगदीश के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।