सोलन में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन टेनिस में लहराया परचम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हिमाचल प्रदेश के सोलन में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन टेनिस प्रतियोगिता में फरीदाबाद की अंडर-14 बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया है। मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल (एमडीआईएस) की ओर से खेलते हुए खिलाड़ियों ने शहर का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में टीम ने एकतरफा खेल दिखाया। पहले मैच में साध्या ने मानव मंगल स्कूल की प्रतिद्वंद्वी को 7-2 से और सान्वी ने 7-0 से हराकर टीम को अगले दौर में पहुंचाया। इसके बाद दूसरे कड़े मुकाबले में सोनीपत के लिटिल एंजल स्कूल के खिलाफ साध्या पहला सेट 0-7 से हार गईं, लेकिन सान्वी ने दबाव को हावी नहीं होने दिया और दूसरा सेट 7-0 से जीतकर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद डबल्स के निर्णायक सेट में दोनों ने तालमेल दिखाते हुए 7-3 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।
सेमीफाइनल और फाइनल में दिखाया दबदबा
सेमीफाइनल में फरीदाबाद की बेटियों ने विपक्षी टीम को टिकने का कोई मौका नहीं दिया। साध्या ने 4-1, 4-0 से और सान्वी ने 4-0, 4-0 से सीधे सेटों में जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में टीम का सामना पंजाब के जीजस सैकर्ड स्कूल से हुआ। फाइनल के दबाव को पीछे छोड़ते हुए साध्या ने 4-3, 4-0 से और सान्वी ने 4-2, 4-1 से अपनी-अपनी सिंगल्स स्पर्धाएं जीतकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।