साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था बैंक खाता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने महिला से एक लाख 90 हजार रुपये की ठगी के मामले में साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले चाचा-भतीजा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 31 मई को उत्तर प्रदेश के आगरा और फिरोजाबाद से पकड़ा गया।
आरोपियों की पहचान राजकुमार और पुष्पेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी में इस्तेमाल किए गए खाते की व्यवस्था कई लोगों के माध्यम से की गई थी। पूछताछ के दौरान पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर राजकुमार और पुष्पेंद्र की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, एसजीएम नगर निवासी एक महिला के पास 15 मार्च को उसके देवर के नाम से फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को विदेश में कार्यरत बताते हुए महिला को भरोसे में लिया। इसके बाद महिला के पास एक अन्य कॉल आई और फिर दोबारा देवर बनकर फोन करने वाले ने वीजा संबंधी परेशानी बताकर तत्काल एक लाख 90 हजार रुपये भेजने की बात कही। भरोसे में आकर महिला ने बताए गए खाते में रकम जमा कर दी। बाद में खुद के साथ ठगी होने का पता चलने पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में साइबर थाना एनआईटी में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। पुलिस ने एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।