धोखाधड़ी के मामले में डीलर पप्पू और धर्मवीर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। टिकावली में 50 वर्गगज जमीन पर कथित अवैध कब्जे और धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने जमीन के डीलर पप्पू और धर्मवीर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मीठापुर दिल्ली निवासी गीता देवी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उन्होंने वर्ष 2013 में बदरपुर स्थित कार्यालय में डीलर पप्पू को किस्तों में 1.75 लाख रुपये देकर जमीन का मालिकाना हक लिया था।
अब आरोप है कि उसी जमीन पर धर्मवीर ने कब्जा कर नींव डाल दी है। गीता देवी ने 24 जून 2026 को थाना भूपानी में दी शिकायत में बताया कि उन्होंने पप्पू नाम के डीलर से बदरपुर में 50 वर्गगज जमीन 1.75 लाख रुपये में किस्तों पर खरीदी थी। उनके अनुसार, 8 नवंबर 2013 को उन्हें जमीन का मालिकाना हक मिला था। शिकायत में बताया गया है कि जमीन टिकावली फरीदाबाद में दी गई थी और खरीदारी को 12 साल से अधिक समय बीत चुका है।
गीता देवी का आरोप है कि अब पप्पू ने उक्त जमीन को सुनीता को बेच दिया है। इसके बाद धर्मवीर नामक व्यक्ति ने जमीन पर कब्जा कर नींव डाल दी। जब उन्होंने इस संबंध में पप्पू से संपर्क करने और उससे मिलने का प्रयास किया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। आरोप है कि फोन पर संपर्क करने पर उन्हें धमकाया भी गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से जमीन पर चल रहे निर्माण को रुकवाने और पप्पू व धर्मवीर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, जांच के बाद कार्यालय डीसीपी सेंट्रल फरीदाबाद से प्राथमिकी दर्ज करने की अनुमति मिलने पर 11 अगस्त को थाना भूपानी में प्राथमिकी दर्ज की गई।