बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से भी रुपये ट्रांसफर किए, सेक्टर-58 थाने में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। तमिलनाडु के दो लोगों को जनरेटर बेचने के बहाने आरोपियों ने फरीदाबाद बुलाकर लूट लिया। वेन्यू कार सवार चार आरोपियों ने हथियार के बल पर नकदी, मोबाइल, सोने की अंगूठी व चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया। मोबाइल लेकर बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड से भी रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। शिकायतकर्ता प्रभु ने फेसबुक पर जनरेटर का विज्ञापन देखकर संपर्क किया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सेक्टर-58 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को यह शिकायत तमिलनाडु के चेंगसिलपटलू जिला निवासी प्रभु ने दी है। इनका कहना है कि फेसबुक पर एक जनरेटर बेचने से संबंधित विज्ञापन देखा था। व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज किया और बात हुई। कॉल करने पर एक व्यक्ति से बात हुई और 125 केवीए जनरेटर के लिए छह लाख रुपये में सौदा तय हुआ। उसने आकर जनरेटर देखने को कहा। 21 अगस्त को प्रभु ने चेन्नई से दिल्ली के लिए खुद की और विनोद की 25 अगस्त के लिए टिकट बुक की।
25 अगस्त को फ्लाइट से दोनों लगभग 12 बजे दिल्ली पहुंचे। वहां से मेट्रो से राजा नाहर सिंह स्टेशन पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद इन्होंने आरोपी के नंबर पर कॉल की। आरोपी ने कहा कि मेट्रो स्टेशन के नीचे कार खड़ी है, उसमें आ जाओ। प्रभु और उनका दोस्त विनोद गाड़ी में बैठ गए जिसमें पहले से ही दो लोग थे। जनरेटर को लेकर बातचीत हुई और बाद में वे हमें जनरेटर गोदाम दिखाने के बहाने मुंबई-वडोदरा हाईवे पर ले गए।
आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद आरोपियों ने पिस्तौल दिखाई और प्रभु से तीन हजार रुपये, विनोद से पांच हजार रुपये लूट लिए। कैली बाईपास वडोदरा हाईवे से दो अन्य आरोपी कार में सवार हुए और उन्होंने प्रभु का मोबाइल ले लिया। फिर मोबाइल के जरिये खाते से 7900 रुपये, क्रेडिट कार्ड से 66893 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। आरोपियों ने विनोद का भी मोबाइल लिया और सोने की अंगूठी, गले से सोने की चेन भी उतार ली। फिर दोनों को जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने हाईवे किनारे छोड़ दिया और कार भगा ले गए। मामले में शिकायत पुलिस को दी गई। इस पर अब सेक्टर-58 थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए गए हैं।