अज्ञात वाहन ने पिता-पुत्र को मारी टक्कर, पिता की मौत कैंटर की टक्कर से ऑटो पलटा, तीन घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पहला हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात थाने के समीप हुआ, जहां सवारी के इंतजार में खड़े पिता-पुत्र को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई। वहीं, राजमार्ग पर ही हुए दूसरे हादसे में कार की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तीसरे हादसे में कैंटर की टक्कर से ऑटो पलट गया। हादसे में तीन सवारियां घायल हो गईं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
पहले हादसे में शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम के अनुसार गांव मंडकौला निवासी राहुल ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह पिता खजान (48) के साथ पलवल गया था। शाम के करीब सात बजे वह यातायात थाना के समीप सवारी के इंतजार में खड़े थे। तभी तेज रफ्तार से आए वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह साइड में गिर गया, जबकि उसके पिता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल खजान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से रेफर कर दिया। फरीदाबाद के ईएसआई अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
दूसरे हादसे में यूपी के जिला अलीगढ़ स्थित गांव नंगला बरी निवासी रामवीर सिंह ने शहर थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि बेटा शेर सिंह पलवल के दुकड़िया मोहल्ले में किराये पर रहता था। 25 दिसंबर को बाइक पर सामान लेने के लिए बाजार गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अगवानपुर चौक के समीप एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में शेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
ऑटो पलटने से तीन घायल
तीसरे हादसे में गांव गुदराना निवासी रविंद्र ने कैंप में शिकायत दर्ज कराई है कि वह ऑटो चलाते हैं। बीती 30 दिसंबर को वह होडल से सवारी लेकर पलवल आ रहे थे। रास्ते में कुसलीपुर के निकट तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो में बैठी दो सवारी और चालक घायल हो गया। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।