पलवल। गांव हरफली में किराये के मकान में रहने वाली नेपाली महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक न होना बताया है। इस कारण महिला का पति भी उसके पास नहीं रहता था। गदपुरी थाना पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। गदपुरी पुलिस में कार्यरत जांच अधिकारी शीशराम के अनुसार नेपाल के जिला जुमला स्थित वार्ड नंबर नौ निवासी हरी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह परिवार के साथ गांव हरफली में किराये के मकान में रहता है। उसकी 28 वर्षीय बहन पूनम की शादी समीम से हुई थी। पूनम पति से अलग रह रही थी। कुछ दिन से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। शुक्रवार रात को पूनम ने घर में ही फंदा लगा आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बयान के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। संवाद