सूरजकुंड इलाके की घटना, भाई की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना इलाके में कार की चपेट में आने से पैदल जा रहे दो दोस्त घायल हो गए। इलाज के दौरान एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। दोनों दोस्त एक बैंक्वेट हॉल में वेटर का काम करने के बाद लौट रहे थे। मृतक नीरज (42) दिल्ली के नांगलोई का रहने वाला था और दोस्त गौतम के साथ आया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सूरजकुंड थाना में मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मृतक के भाई मदन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 अप्रैल की शाम नीरज अपने दोस्त गौतम के साथ सूरजकुंड इलाके के बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह में वेटर का काम करने आया था। काम खत्म करने के बाद दोनों पैदल ही घर लौट रहे थे। सड़क किनारे खड़े होकर वह सवारी वाहन का इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान अनंगपुर चौक की ओर से आए कार सवार ने दोनों को टक्कर मारकर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार को लेकर भाग गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और दोनों घायलों को बीके अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया जबकि गौतम को गंभीर हालत में रेफर किया गया। नीरज के घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। अस्पताल व पुलिस से उन्हें हादसे की जानकारी मिली तो परिवार वाले पहुंचे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।