- नंगला एन्क्लेव पार्ट-2 में 19 अक्तूबर की रात हुई थी वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सारन थाना इलाके में बहन के घर झगड़ा शांत कराने गए रोबिन को गोली मारने के मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अपराध शाखा एवीटीएस की टीम ने आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों में नंगला गाजीपुर रोड निवासी रोहित पांडे और नीरज शामिल हैं। रोबिन का इलाज चल रहा है। पूछताछ में पता चला कि रोहित व नीरज दोनों आशीष के दोस्त हैं। आशीष ने उन्हें कॉल करके अपने घर पर बुलाया था। फिर सभी ने मिलकर रोबिन, उसके भाई वंश व पिता से मारपीट की।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। अब तक मामले में 5 आरोपियों को टीम गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें जख्मी युवक रोबिन का जीजा आशीष भी शामिल है। यह वारदात रविवार 19 अक्तूबर की रात लगभग 9 बजे की है। नंगला एन्क्लेव पार्ट-1 निवासी वंश राठी ने बताया कि उनकी बड़ी बहन हेमा की शादी 27 फरवरी 2020 को नंगला गाजीपुर रोड पार्ट-2 निवासी आशीष के साथ हुई थी। आशीष के पिता रामबाबू हरियाणा पुलिस में एसआई है।
19 अक्तूबर की रात को हेमा ने कॉल कर बताया कि पति व ससुर उसे गालियां दे रहे हैं। वंश के अनुसार वे मामला शांत करने अपने पिता व भाई रोबिन के साथ उसके घर पहुंचे। वहां पर पहले से ही दोनों के अलावा 20 से अधिक युवक मौजूद थे। जाते ही आरोपियों ने डंडों व हॉकी स्टिक से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान रोबिन को गोली मार दी।