- पल्ला थाना एरिया में 7 जून की रात को हुई थी वारदात
- अब तक सात आरोपी किए जा चुके हैं गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला थाना एरिया में पिज्जा डिलीवरी बॉय का अपहरण कर मारपीट व लूट के मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान सेहतपुर की सूरदास कॉलोनी निवासी रोहन कुशवाहा और शिव कॉलोनी निवासी हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सूर्या विहार पार्ट दो, सेहतपुर निवासी सत्यम दूबे ने बताया कि वह और उसका दोस्त विक्रांत डोमिनोज का पिज्जा डिलीवरी का काम करता है। सात जून की देर रात दो बजे वह मानवी प्लेस नया पुल पर डिलीवरी लेकर गया था। वहां पर उसका साथी विक्रांत भी खड़ा हुआ मिला। कुछ देर बाद वहां कुछ लड़के आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विक्रांत बचने के लिए वहां से भाग गया। सत्यम को तमंचे के बल पर आरोपियों ने बाइक पर बैठाया और दून भारती स्कूल के पास सुनसान जगह पर ले गए। वहां पर आरोपियों ने मारपीट कर सत्यम का मोबाइल व जेब से 6200 रुपये लूट लिए। आठ जून को पल्ला थाना में एफआईआर दर्ज की गई। मामले में अब तक सात आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।