खाता मुहैया कराने वाले तीनों आरोपी राजस्थान जोधपुर निवासी
- दो आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लिया, तीसरे को भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने 1.19 लाख रुपये की ठगी में साइबर ठगों को खाता मुहैया कराने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने ये कार्रवाई की है। आरोपियों में राजस्थान जोधपुर निवासी ओमाराम, शेखर व मनीष शामिल हैं। पूछताछ में पता चला कि ओमाराम खाताधारक है और इसके बैंक खाते में ठगी के 82,980 रुपये आए थे। ओमाराम ने अपना खाता शेखर व मनीष को दिया था। इन दोनों ने ये खाता आगे ठगों तक पहुंचाया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि ओमाराम को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। वहीं शेखर व मनीष को पांच दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को मामले में शिकायत अटेरना निवासी युवक ने दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि साइबर ठगों ने उसे टास्क पूरे करने पर मुनाफे का लालच देकर फंसाया और 1,19,060 रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश की गई रकम वापस दी गई। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ में एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए अब पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।