साइबर थाना बल्लभगढ़ ने मोहाली से दबोचा, आरोपी छह दिन के पुलिस रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मोबाइल हैक कर 1.01 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने दो और आरोपियों को 28 जून को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी अमन और राजस्थान के जोधपुर निवासी दिलखुश बिश्नोई के रूप में हुई है।
दोनों को मोहाली (पंजाब) से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार जांच में सामने आया कि ठगी की रकम सबसे पहले चार बैंक खातों में पहुंची थी। इनमें गौतम का खाता प्रथम लेयर का था, जिसमें ठगी के 50 हजार रुपये आए थे। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अमन ने लक्की से गौतम का बैंक खाता लेकर आगे दिलखुश को उपलब्ध कराया था। अमन और दिलखुश के बीच टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क था। दोनों 12वीं पास हैं और फिलहाल बेरोजगार हैं। मामले में खाताधारक गौतम और लक्की को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी मोहाली में भी साइबर ठगी की फिराक में गए हुए थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से साइबर गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और ठगी की रकम के लेनदेन के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
मामले में सेक्टर-20बी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 17 मई को उसे टेलीग्राम पर एक लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो गई, जिससे उसका फोन हैक हो गया। इसके बाद अलग-अलग ऑनलाइन लेन-देन के माध्यम से उसके खाते से 1.01 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर 19 जून को साइबर थाना बल्लभगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।