बल्लभगढ़। छांयसा थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर में वेल्डिंग की दुकान के बाहर मरम्मत के लिए खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव चांदपुर निवासी मुनेश भाटी ने पुलिस को बताया कि वह गांव चांदपुर अड्डे पर वेल्डिंग की दुकान चलाता है और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मरम्मत का काम करता है। उसके अनुसार 19 मई को गांव शाहजापुर निवासी देवेंद्र अपनी दो पहिया ट्रॉली मरम्मत और पेंट कराने के लिए उसकी दुकान पर छोड़ गया था। मुनेश ने बताया कि रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया। अगले दिन सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान के बाहर खड़ी ट्रॉली गायब मिली। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। संवाद