- 500 रुपये व वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। चाय विक्रेता पर चाकू से हमला कर लूटने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में छीने गए 500 रुपये और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने की है। आरोपियों की पहचान जतिन निवासी कुम्हार कॉलोनी ऊंचा गांव और तरुण उर्फ नवीन निवासी ऊंचा गांव के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी पुनीत को पहले ही 23 मई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार सेक्टर-62 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार ने थाना आदर्श नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सांई वाटिका अपार्टमेंट के सामने चाय की दुकान चलाता है। 6 मई की सुबह करीब 3 बजे जब वह अपनी दुकान के बाहर सो रहा था, तभी तीन अज्ञात युवक ने उससे मारपीट की। आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसकी जेब से 500 रुपये छीनकर मौके से भाग गया। शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि योजना के तहत उन्होंने चाय विक्रेता को निशाना बनाते हुए उसके साथ मारपीट की और 500 रुपये लूट लिए।