एवीटीएस भूपानी की टीम ने की कार्रवाई, हथियार व नकदी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एवीटीएस भूपानी की टीम ने ऑटो में बिठाकर टैक्सी चालक से लूटने वाले चार आरोपियों को 25 मई को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पवन वर्मा, इरफान, अमन खान तथा विकास उर्फ सैंडी के रूप में हुई है। दो दिन के रिमांड के दौरान अमन से चाकू और पिस्तौल, इरफान से पिस्तौल, विकास से 1000 रुपये और शिकायतकर्ता का मोबाइल और बैग बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी अमन से बरामद हुआ है। जांच में सामने आया कि चारों आरोपी दोस्त हैं और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 23 मई की सुबह लगभग 3:30 बजे जब पीड़ित टैक्सी चालक अवतार सिंह ओल्ड चौक पर दिल्ली जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान पहले से मौजूद एक ऑटो चालक और उसके साथी ने पीड़ित को बदरपुर बॉर्डर ले जाने के बहाने ऑटो में बिठा लिया। कुछ ही देर बाद दो अन्य आरोपी भी ऑटो में सवार हो जाते हैं। इसके बाद मेवला महाराजपुर मेट्रो स्टेशन के पास पीड़ित की गर्दन पर चाकू रखकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 मई को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।