इंदौर-नई दिल्ली एक्सप्रेस में हुई वारदात, फरीदाबाद स्टेशन के पास चोरी होने का संदेह
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। इंदौर-नई दिल्ली एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री की जेब से दो मोबाइल फोन चोरी हो गए। यात्री को घटना का पता सुबह नींद खुलने पर चला। करीब 48 दिन बाद जीआरपी फरीदाबाद ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
इंदौर के छोटा बांगड़दा एयरपोर्ट रोड निवासी 35 वर्षीय विपिन जैन अपने दोस्त के साथ ट्रेन नंबर 12415 के स्लीपर कोच एस-6 में सफर कर रहे थे। रात में दोनों सो गए। सुबह करीब 4:55 बजे नींद खुलने पर उनके दो मोबाइल गायब मिले। दोनों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई। बाद में इंदौर जीआरपी में रिपोर्ट दी गई। वहां दर्ज जीरो एफआईआर जांच के लिए फरीदाबाद भेजी गई। मामले की जांच एएसआई सुदेश कुमारी कर रही हैं। जीआरपी ने शुक्रवार को अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत केस दर्ज किया।