बल्लभगढ़-सोहना मार्ग पर हुआ हादसा, मामला दर्जकर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अलग-अलग सड़क हादसों में कपड़ा व्यापारी व एक वृद्धा की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने सभी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बल्लभगढ़-सोहना मार्ग पर बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से कपड़ा कारोबारी की मौत हो गई। हादसे के दौरान कारोबारी एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। कारोबारी की पहचान नंगला इंक्लेव-पार्ट एक निवासी सतवीर (34) के रूप में हुई है। कारोबारी के छोटे भाई राम ने थाना मुजेसर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका कपड़ों का कारोबार है। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे बड़ा भाई सतवीर बाइक पर सवार होकर बल्लभगढ़ के कोराली गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। राम ने भाई के मोबाइल पर कॉल किया तो अनजान व्यक्ति ने फोन उठाकर बताया कि हादसे में सतवीर घायल हो गया है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और भाई को लेकर पुलिस के साथ बीके अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरे मामले में जेसीबी चौक पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से वृद्धा वरकती (62) की मौत हो गई। वह पति और छह वर्षीय पोते के साथ बाइक से नूंह के गांव सिंगार से फरीदाबाद आ रही थी। वरकती के पति अलीहसन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार शाम वह पत्नी वरकती और छह वर्षीय पोते के साथ गांव से फरीदाबाद आ रहे थे। जेसीबी चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना में ट्रक का एक पहिया वरकती के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद ट्रक को छोड़कर भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
तीसरे मामले में गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर एक कार का पहिया बाइक सवार युवक के पांव पर चढ़ गया। विरोध करने पर कार चालक ने बाइक सवार से गाली-गलौज शुरू कर दी। धौज थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घायल अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। बृहस्पतिवार को वह दोस्त के साथ बाइक से गुरुग्राम जा रहे थे। रास्ते में एक वाहन सड़क पर खड़ा था। अमित ने बाइक सड़क किनारे लगा दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे कार चालक ने कार का पहिया उनके पांव पर चढ़ा दिया। पुलिस ने तीनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।