- शरीर से आरपार हो गई ग्रिल, कटर से काटकर बाहर निकाला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। होली के त्योहार पर रफ्तार का कहर लोगों की जान पर भारी पड़ गया। शहर के दो अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। एनआईटी में हुए हादसे में सड़क किनारे लगी ग्रिल कार सवार के शरीर से आरपार हो गई। पुलिस ने कटर से ग्रिल काटकर मृतक के शव को बाहर गाड़ी से बाहर निकाला। दूसरे मामले में ट्रक की टक्कर से कार सवार की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एनआईटी थाना इलाके के सेक्टर-21डी के सड़क हादसे में मृतक की पहचान एनआईटी पांच निवासी जगमोहन के रूप में हुई है। वह एक निजी बैंक में कार्यरत थे। साल-2019 में उनकी शादी हुई थी। मृतक का एक तीन साल का बेटा है। वह अपने दोस्त शैंकी के साथ होली मनाने सेक्टर-21डी गए थे। शैंकी जर्मनी से होली मनाने आया था। सेामवार शाम होली खेलने के बाद दोनों कार से कहीं जा रहे थे। सेक्टर-21डी स्मार्ट रोड पर एक कुत्ते को बचाने के चक्कर में कार सड़क किनारे लगी लोहे के ग्रिल से टकरा गई। कार की स्पीड इतनी तेज थी कि ग्रिल से टूटकर एक सरिया जगमोहन के सीने से आरपार हो गया। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शैंकी को मामूली चोट आई है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कटर से लोहे का सरिया काटकर शव गाड़ी से बाहर निकाला।
दूसरे मामले में भाखरी-पाली मार्ग पर सोमवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव कोटला निवासी 44 वर्षीय धनेश के रूप में हुई है। मृतक के भाई सुंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया सोमवार शाम करीब पांच बजे भाई धनेश अपनी बाइक से राजस्थान के भिवाड़ी जा रहा था। इसी दौरान एक कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में घायल होने पर आसपास के लोग धनेश को बीके अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।