सड़क जमा रहता है सीवर का पानी, कई शिकायत देने के बाद भी नहीं मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एसजीएम नगर सेक्टर-48 हाउसिंग बोर्ड रोड पर पिछले दो वर्षाें से लगातार सीवर का पानी जमा रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछली दिवाली भी इस गंदे पानी में गुजरी थी और इस वर्ष भी स्थिति नहीं बदली है। इससे सेक्टर वासियों को बड़ी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
एसजीएम नगर वार्ड नं. 15 के हाउसिंग बोर्ड रोड पर पिछले कुछ समय से लगातार सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर रोड पर इकट्ठा हो जाता है। इस कारण सड़क पर लोगों का वहां से निकलना दूभर हो जाता है। बारिश के मौसम में तो समस्या इतनी अधिक विकराल हो जाती है कि स्कूली बच्चों एवं बड़े-बुजुर्गाें का यहां से निकल पाना मुश्किल हो रहा है।
नगर निगम अधिकारियों को बार-बार इसकी शिकायत की जाती है। लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं होता है। निगम की ओर से सुपर सकर मशीन (सीवर साफ करने की मशीन) भिजवाकर सीवर खुलवा दिया जाता है, लेकिन कुछ दिन बार फिर वही हालात हो जाते हैं। समस्या से निजात पाने के लिए लोगों ने अपने घरों के बार हजारों रुपये का मलबा रोड पर डलवा दिया, जिससे पूरा रोड मलबे में तब्दील हो गया। हालात इतने खराब हो गए हैं कि घरों की नींव में पानी जाने के चलते लोगों के घर भी बैठने लगे हैं। हालांकि पिछले दिनों ही दिवाली से पहले इस रोड से मलबा हटाने का काम निगम ने करवाया है, लेकिन लोगों को यही उम्मीद है कि उनकी सीवर की समस्या व रोड की समस्या का कब समाधान होगा।
-
यहां पर पिछले 2 वर्षाें से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। बार-2 नगर निगम द्वारा सुपर सकर मशीन भेज दी जाती है, लेकिन कुछ दिन बार फिर से रोड पर पानी भर जाता है।
- विनोद कुमार, एसजीएम नगर
-
सैक्टर-48 हाउसिंग बोर्ड रोड पर हर समय पानी भरा रहता है। हमें त्योहार भी इस गंदे पानी में मनाना पड़ रहा है। लेकिन इतनी बुरी स्थिति हमने पहले कभी नही देखी।
- गिर्राज शर्मा, एसजीएम नगर