उद्योगपतियों ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन, गुर्जर ने दिया समाधान का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आईएमटी फरीदाबाद के उद्योगपतियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को बिजली की दरों में वृद्धि सहित अन्य मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा । अध्यक्ष प्रमोद राणा ने बताया कि आईएमटी फरीदाबाद के उद्योगपति दोहरा कराधान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि उद्योगों पर एक ही संपत्ति के लिए दो विभागों द्वारा शुल्क वसूला जा रहा है।
नगर निगम की ओर से संपत्ति कर और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम राज्य एजेंसी को मेंटेनेंस शुल्क दिया जा रहा है। जबकि फरीदाबाद के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित उद्योगों को केवल नगर निगम को ही कर देना होता है। जिससे आईएमटी क्षेत्र के उद्योगों के साथ भेदभाव और दोहरे टैक्स का दबाव बन रहा है। इसके अलावा बिजली की दरों में अचानक वृद्धि से उद्योगों की उत्पादन लागत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने ज्ञापन को गंभीरता से लिया और आश्वासन दिया कि दोहरे टैक्स के इस मुद्दे को वह शीघ्र ही संबंधित विभागों के साथ मिलकर हल कराएंगे। इसके अलावा जो बिजली दरों में वृद्धि हुई है, वह एक नीति-निर्धारण है, लेकिन वह इस पर भी सरकार से चर्चा करके राहत दिलाने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर महासचिव रश्मि सिंह, चेयरमैन तेज चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरजिंदर सिंह, उपाध्यक्ष वीपी गोयल सहित सैकड़ों उद्योगपति मौजूद रहे।