केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख माडंविया ने शुक्रवार को सूरज कुंड रोड स्थित मानव रचना विवि में दो दिवसीय स्पेशल अचीवर्स व्हीलचेयर बास्केटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप भी देश को गौरांवित कर सकते हैं। आज विश्वभर में हमारे ‘दिव्यांग’ खिलाड़ी देश को गर्व करने के कई मौके दे रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि पेरिस पैरालिंपिक से लेकर पीडी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 तक भारतीय दिव्यांग एथलीटों ने खेल के क्षेत्र में देश के लिए उपलब्धियां हासिल की है। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि सरकार आपके साथ खड़ी है और आपको अपनी सफलता का उपयोग विभिन्न मंचों पर अधिक युवाओं को प्रेरित करने के लिए करना चाहिए। इस मौके पर स्पेशल अचीवर्स चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष माधवी हंस, पंकज हंस और टेकचंद नंदराजोग (टोनी पहलवान), महापौर प्रवीण जोशी, इंस्टीट्यूट के उपाध्यक्ष अमित भल्ला, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, पूर्व विधायक नरेन्द्र गुप्ता, संदीप जोशी आदि मौजूद रहे। खेल मंत्री ने बॉल को उछालकर मैच की शुरूआत की।
-
पहले मुकाबले में दिल्ली की टीम ने मध्य प्रदेश को दी शिकस्त
व्हीलचेयर बास्केटबॉल प्रतियोगिता का पहला मैच दिल्ली और मध्य प्रदेश की टीम के बीच हुआ। इस मुकाबले में दिल्ली की टीम ने मध्य प्रदेश को शिकस्त दी। दूसरा मैच हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश विजयी हुआ। तीसरा मैच दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच खेला गया, जिसमें दिल्ली विजेता रही।