बल्लभगढ़। जिला जेल में स्पेशल जेल की खिड़की तोड़कर भागने की कोशिश कर रहे दो विचाराधीन बंदियों को वार्डर व गार्ड ने दबोच लिया। इसके बाद दोनों को दूसरे क्वार्टर में बंद कर दिया गया। मामले की शिकायत स्पेशल जेल के प्रभारी रोहन हुड्डा ने बल्लभगढ़ सदर थाने में दर्ज कराई है।
उन्होंने पुलिस को बताया है कि बंदी रोहित पुत्र धर्मबीर निवासी अटल चौक संजय एंक्लेव थाना सारन नशीला पदार्थ के मामले में बंद हुआ है। इसके अलावा बंदी सुनील पुत्र संदरा निवासी कलंदर कॉलोनी बल्लभगढ़, चोरी के मामले में बंद है। दोनों स्पेशल जेल के प्रथम तल पर बने 17 नंबर क्वार्टर में बंद थे। दोनों बंदी स्पेशल जेल की रसोई की खिड़की तोड़कर पाइप के सहारे नीचे उतर रहे थे। तभी वहां तैनात वार्डर राम सिंह व हरियाणा पुलिस के गार्ड भगवान सहाय, सिपाही सोमबीर ने दोनों को पकड़ लिया। इस मामले की सूचना सहायक अधीक्षक मोहनलाल व उप अधीक्षक रोहन हुड्डा को दी गई। मौके पर पहुंचे जेल अधिकारियों ने दोनों बंदियों को अन्य क्वार्टर में बंद करा दिया। जांच अधिकारी हवलदार सोहन सिंह ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।