बल्लभगढ़। गांव शाहपुरा में झगड़े के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। इस बार दो आरोपी मामा योगेश और उसके भांजे रवि यहां आए तो सूचना पर पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस प्रवक्ता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आदर्शदीप सिंह ने बताया कि अपराध शाखा ऊंचा गांव ने शाहपुरा गांव में परसराम की हत्या के मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सदर पुलिस ने अशोक की शिकायत पर सागर उर्फ साहिल और उसके साथियों के खिलाफ झगड़े में उसके भाई परसराम की हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। मुख्य आरोपी सागर को पकड़ लिया गया था। कातिलों को शरण देने के आरोप में आरोपी रवि के पिता महेंद्रराज को भी गिरफ्तार किया गया था। रवि और योगेश बार-बार ठिकाने बदल रहे थे। योगेश पलवल में हत्या के एक अन्य मामले में पांच साल से फरार था। रवि व योगेश बीच-बीच में जानकारी लेने के लिए गांव नंगला जोगियान आते रहते थे। इस बार वे यहां आए तो पुलिस को सूचना मिल गई और दोनों को दबोच लिया गया। इनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। ब्यूरो