- एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने की कार्रवाई, बिजली का बिल कम करने को मांगे थे पैसे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते बिजली विभाग के सीए सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सीए और उनका साथी बिजली चोरी के मामले में जुर्माना कम करने की एवज में पैसों की मांग कर रहे थे। इस मामले में अन्य बिजलीकर्मियों के नाम भी सामने आ रहे हैं। इस मामले में ब्यूरो की टीम जांच कर रही है।
बल्लभगढ़ सेक्टर-2 निवासी जितेंद्र ने एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम को दी शिकायत में बताया कुछ दिन पहले बिजली विभाग की टीम ने उनके यहां छापा मारकर बिजली चोरी का केस बनाया था। मामले की सुनवाई के लिए वह बिजली विभाग के कार्यालय गए। आरोप है यहां बिजली विभाग के सीए राकेश और एक व्यक्ति ब्रजलाल ने उनकी जुर्माना राशि कम करने की बात कही। बिजली का बिल कम करने के एवज में आरोपियों ने इसके बदले रिश्वत की मांग की। मामला तय होने पर जितेंद्र ने एसीबी की टीम को शिकायत दी।
बृहस्पतिवार को इंस्पेक्टर राजकुमार की अगुआई में एसीबी की टीम ने ब्रजलाल को एक लाख दस हजार रुपये के रिश्वत के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। रिकार्डिंग के आधार पर सीए को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में कुछ और नाम भी सामने आए हैं एसीबी की टीम उनकी तलाश में दबिश दे रही है।