साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने पकड़े आरोपी
4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने 1.90 लाख रुपये की ठगी में 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में राजस्थान सीकर का रहने वाला निखिल और यूपी गोंडा का अजीत कुमार शामिल हैं। दोनों फिलहाल हरियाणा के पानीपत में रह रहे थे। इनसे पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी दोस्त हैं। अजीत कुमार ने निखिल का बैंक खाता खुलवाकर ठगों को उपलब्ध कराया था। इस बैंक खाते में ठगी के लगभग 1 लाख रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी 12वीं पास हैं। आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत एनआईटी इलाके के रहने वाले व्यक्ति ने थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 15 जनवरी को उन्हें एक लिंक भेजकर फॉर्म भरवाया गया। इसके बाद उसे टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क दिए गए और पैसे जल्दी दोगुने होने का लालच दिया गया। झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने टास्क के नाम पर 1.90 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में रिफंड नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।